धमतरी। हिंदू जागरण मंच ने आज शहर के अलग-अलग वार्डों में चल रही चंगाई सभाओं में पहुंचकर विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर बहस और नोकझोंक हुई। हिंदू जागरण मंच का आरोप है कि बिना प्रशासनिक अनुमति और धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के नियमों का पालन किए बिना चंगाई सभाओं का आयोजन किया जा रहा है, जबकि पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता सिटी कोतवाली थाने क्षेत्र में चल रही चंगाई सभाओं में पहुंचकर विरोध किया। कानून के तहत धर्म परिवर्तन से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया और सूचना देना अनिवार्य है। लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
उनका आरोप है कि इन सभाओं में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हो रहे हैं। हिंदू जागरण मंच ने इसे कानून के उल्लंघन बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान कुछ स्थानों पर चंगाई सभा संचालकों और हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं के बीच गरमा गर्मी हुई। जिससे मौके पर माहौल तनावपूर्ण बन गया। मंच ने पुलिस प्रशासन पर शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि सूची मंगाई गई है। अवैध चंगाई सभा आयोजित करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
