कोरबा। पत्नी के मायके जाने से नाराज पति एक हाई टेंशन खम्भे पर चढ़ गया। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। यह कोरबा के ग्राम करमंदी की घटना है। पति अपनी पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर डेढ़ सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। वह चढ़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इससे वहां रहने वाले लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह घबरा गए। उन्होंने इसकी सूचना थाने को दी। जहाँ से थाना प्रभारी के साथ पुलिसकर्मी पहुंचे।
घटना में उरगा थाने की है । जहां करमंदी गांव निवासी मुकेश सांडे अक्सर अपनी पत्नी से विवाद करता था। रोज रोज के झगड़े से पत्नी तंग आ चुकी थी। उसने पति को समझाइश देने की कोशिश भी की, लेकिन असर नही हुआ। पति की हरकत से परेशान होकर मायके चली गई। पति ने मनाने की कई कोशिशें की, लेकिन पत्नी नहीं मानी। इसके बाद सोमवार शाम को पति नशे में धुत होकर डेढ़ सौ फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर में चढ़ गया। इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिक ऊंचाई के कारण युवक की आवाज सुनाई नहीं दे रही थी. इसलिए टीआई ने मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन युवक बातचीत करने के लिए तैयार नहीं था। वह बार बार तार को छूने की कोशिश कर रहा था। किसी तरह थाना प्रभारी ने युवक से बातचीत शुरू की। उसने भी अपनी पूरी बातें थाना प्रभारी के सामने रख दी। युवक का कहना था कि उसकी पत्नी घर लौटने तैयार होती है, तो ही वह नीचे आएगा, नहीं तो वह जान दे देगा। इस पर थाना प्रभारी ने उसकी पत्नी से चर्चा की। उसने पति को विवाद नही करने की शर्त पर घर लौटने हामी भर दी, तब कहीं जाकर ढाई घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा समाप्त हुआ। पुलिस ने युवक को नीचे उतरने के बाद अस्पताल भिजवाया।
