रायपुर। सत्ता के नशे में राजनांदगांव बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के उपाध्यक्ष भरत वर्मा का ठेकेदार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में वे निर्माण एजेंसी के सुपरवाइजर और इंजीनियर की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। घटना आज दोपहर 12:15 बजे की है। जहां अपने काफिले के साथ भाजपा नेता भरत वर्मा अंबागढ़ चौकी सीमा क्षेत्र से सटे घुपसाल पहुंच गए।
बता दें कि आज दोपहर 12:15 बजे बजे के बीच राजनांदगांव जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा अपने लोगों के साथ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से सटे घुपसाल गांव पहुंचे। राजनांदगांव से मानपुर तक 100 किलोमीटर स्टेट हाईवे के निर्माण का ठेका कन्हैया अग्रवाल को मिला है।
आज के ताजा घटनाक्रम को लेकर निर्माण एजेंसी ने बताया कि भाजपा नेता भरत वर्मा निर्माण एजेंसी के इंजीनियर दामेंद्र टेमरे तथा सुपरवाइजर उमेश प्रजापति को हाईवे निर्माण में घटिया काम करने की बात कहते हुए अचानक नाराज हो गए। उन्होंने ठेकेदार कन्हैया अग्रवाल को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दिया। गाली-गलौज के साथ-साथ वर्मा द्वारा घटना का वीडियो बना रहे कार्य एजेंसी के कर्मचारियों को भी मारने के लिए दौड़ाया गया। यह घटना सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
सड़क निर्माण के प्रोजेक्ट मैनेजर भूपेंद्र लखेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य को लेकर भाजपा नेता भरत वर्मा द्वारा की गई बदसलूकी के बाद तत्काल हाईवे का सारा निर्माण कार्य रोक दिया गया है। वर्मा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए वे आगे प्रक्रिया कर रहे हैं।
