जांजगीर-चांपा। स्कूली बच्चों को धर्मांतरित करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के पर डीईओ ने कार्रवाई करते हुए महिला प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया है। जिस हेड मास्टर के खिलाफ कार्रवाई हुई हैं, उनका नाम लक्ष्मी देवी भारद्वाज है। जो छात्र-छात्राओं को हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध भड़काकर ईसाई रीति-नीति से धर्मांतरित करने का प्रयास कर रही थीं।
जानकारी के अनुसार, बलौदा के पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज के खिलाफ ग्रामीणों ने जनसमस्या शिविर के दौरान शिकायत की थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि महिला प्रधान पाठक स्कूल में प्रार्थना सभा में “जन गण मन” की जगह अन्य धार्मिक वाक्य सिखाती हैं। यही नहीं छात्र-छात्राओं को हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध भड़काकर ईसाई रीति-नीति सीखाने और धर्मांतरित करने का प्रयास करती थी। इसके अलावा वित्तीय अनियमितता और फर्जी बिल-वाउचर के भी आरोप हैं ।
जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत पर महिला प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। प्रधान पाठक द्वारा जवाब संतोष जनक नहीं देने पर उनके कृत्य को गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।
धर्मांतरण करने और लोक शांति भंग होने के अंदेशे पर पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला, बलौदा की प्रधान पाठक लक्ष्मी भारद्वाज के खिलाफ बलौदा थाना में ईश्तगासा क्रमांक 261 / 2025 धारा 126, 135 ( 3 ) बीएनएसएस कायम किया गया है।
