महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है, जहां आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार प्लेसमेंट कर्मचारियों को मैकडॉवेल नंबर 1 शराब के पाव में पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, 25 मई को विभागीय टीम अचानक दुकान पहुंची तो पाया कि कर्मचारी बेखौफ होकर टेबल पर ही बोतलों के सील खोलकर उनमें पानी मिलाकर शराब में मिलावट कर रहे थे। इस कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े गए कर्मचारियों में कुछ पिछले दो साल से और कुछ कई महीनों से एक ही दुकान पर तैनात थे, जिसके चलते उनके हौसले बुलंद हो गए थे और वे लंबे समय से ग्राहकों को मिलावटी शराब बेचने का काम कर रहे थे। फिलहाल आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
