रायगढ़। लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में बीती रात आग लग गई। जो देखते ही देखते पूरे बैंक को अपनी चपेट में ले लिया। बैंक किराए के एक मकान में संचालित हो रहा था। इस घटना से हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। बैंक दफ्तर में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंप्यूटर जलकर खाक हो गए हैं। आग के कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। बीती रात 9:30 बजे बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा था। उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और अन्य किरायेदार रहते हैं। धुआं देखते ही परिजनों ने तत्काल बैंक प्रबंधन को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने आग पर काबू पा लिया। लेकिन तब तक बैंक का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जांच के बाद ही असल वजह सामने आ सकेगी। बैंक प्रबंधन का कहना है कि आग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य रिकॉर्ड जल गए हैं।
