जगदलपुर। केंद्रीय जेल में पिछले पांच दिनों के भीतर जेल में दूसरी मौत हो गई है। रविवार तड़के एक महिला बंदी ने अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर जान दे दी। उसके बाद अब नक्सल मामले में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। लगातार हो रही मौत की घटना ने जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रमेश कुंजम के रूप में हुई है। जो बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर का रहने वाला था। रमेश कुंजम नक्सल मामलों में जेल में बंद था और नवंबर 2025 में उसे दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था।
बताया जा रहा है कि 4 तारीख को जेल परिसर के बाथरूम में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई।
इससे पहले रविवार तड़के केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी द्वारा फांसी लगाकर जान दे दी। अब महज पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत ने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और मौत के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
