धमतरी। उमर्दा गांव में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध करते हुए जोरदार हंगामा कर दिया। ग्रामीणों ने 112 वाहन और निजी एंबुलेंस में तोड़फोड़ कर हाथापाई भी की। इसमें एंबुलेंस चालक और एक एसआई के घायल होने की खबर है।
भैंसमुडा निवासी लीलाराम साहू अपने एक साथी के साथ देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इसमें लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना पर 112 वाहन वंदे मातरम सेवा परिवार की निजी एंबुलेंस मौके पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया। इस दौरान एंबुलेंस चालक से हाथापाई की गई और वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिसकर्मियों को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
एंबुलेंस चालक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
