खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र में यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम पैलीमेटा में बड़ी संख्या में किसानों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि बुवाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि खाद वितरण केंद्रों में लगातार कमी बनी हुई है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और समय पर कृषि कार्य पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
