धमतरी जिले में इलाज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जहां दो अज्ञात व्यक्तियों ने लकवा की बीमारी का प्रभावी उपचार होने का दावा कर एक युवक से हजारों रुपये ठग लिए। मामला भखारा थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनीष दीक्षित की माता लकवा से पीड़ित हैं और वे उनके इलाज के लिए आयुर्वेदिक दवा की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले और लकवा की असरदार दवा होने का दावा करते हुए करीब 13 हजार रुपये की दवा बेच दी। दवा खरीदने के बाद जब मनीष ने उसके बारे में गूगल पर जानकारी खोजी, तो पता चला कि वह दवा लकवा के इलाज से संबंधित ही नहीं है। खुद को ठगी का शिकार समझते हुए उन्होंने भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
