छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 सुशासन और जनसंपर्क का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। यह पहल आम नागरिकों को उनकी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाने और उनके समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का अवसर प्रदान कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। इसी सोच के तहत शुरू की गई यह हेल्पलाइन जनता और प्रशासन के बीच मजबूत संवाद का सेतु बन रही है। आधुनिक तकनीक से लैस इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इससे खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें पहले अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सरकार का मानना है कि यह पहल पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ में सुशासन को नई दिशा दे रही है।
