धमतरी। मगरलोड ब्लॉक के ग्राम कोरगांव के ग्रामीणों ने गांव की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की ढाई सौ एकड़ जमीन पर पिछले दस वर्षों से बाहरी लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। इससे गांव में चारागाह समेत अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इससे नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग का ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की शासकीय जमीन पर कब्जा बढ़ते जा रहा है। इसकी कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। इस सम्बन्ध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि इस मामले की सूचना तहसीलदार को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि गांव के जो बाउंटेज होते हैं, उसे हम सिक्योर करेंगे।
