नारायणपुर जिले के खड़का गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आदिवासी समुदाय और धर्मांतरित परिवारों के बीच तनाव की स्थिति के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि ईसाई धर्म अपनाने वाले दो परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बनाया गया और उनके घरों से सामान बाहर निकाल दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि धर्मांतरित परिवारों को सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने के साथ आदिवासी परंपराओं और रीति-रिवाजों का पालन करना चाहिए, जबकि प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे केवल सामाजिक सहयोग तक सीमित रहना चाहते हैं। विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी नारायणपुर के भरण्डा गांव में धर्मांतरण को लेकर विवाद सामने आया था, जहां कई धर्मांतरित परिवारों को गांव छोड़ने के लिए कहा गया था।
