एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये उड़ाने वाले दो अंतर्राज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, चेक बुक और नगद राशि बरामद की है। जानकारी के अनुसार, कंचनगंगा फेस-02 डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर कई टेक्स्ट मैसेज आए थे, जिन्हें खोलने के बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन शुरू हो गए। महज दो दिनों में 8 से 10 नवंबर के बीच उनके खातों से कुल 3 लाख 94 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और झारखंड के बोकारो जिले से विशाल कुमार सिंह और महेश प्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करते थे और फिर बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल, एक चेक बुक और 2 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल उपकरणों, मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर पूरे साइबर ठगी नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
