बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत रायगुड़ा गांव में सड़क नहीं होने के कारण एक बीमार मरीज तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में ग्रामीणों और 108 एंबुलेंस स्टाफ ने मरीज को करीब 7 किलोमीटर तक खेतों और कच्चे रास्तों से खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इस घटना ने दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क संपर्क की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। बारिश के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रायगुड़ा तक सर्व मौसम सड़क बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को इस तरह परेशानी का सामना न करना पड़े। मामले को लेकर उसूर एसडीएम भूपेंद्र कुमार गावरे ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है और वे जांच करवाकर संबंधित विभागों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई कराएंगे।
