बलरामपुर जिले में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां स्कूल जा रहे एक हेडमास्टर की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला त्रिकुंड थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है, जो ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वे स्कूल जाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में अज्ञात आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
