जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाने के ग्राम भैंसों में एक 39 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पंकज प्रजापति 39 के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात भोजन करने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। देर रात जब पंकज काफी समय तक घर नहीं लौटे तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों ने घर की छत से लगे नीम के पेड़ पर पंकज को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पामगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और वह शराब सहित अन्य नशे का आदी था। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। मामले में पामगढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
