सीधी जिले के चंदौरा गांव में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में एक बाबा की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने झाड़-फूंक करने पहुंचे बाबा राज बहोर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, चंदौरा निवासी बुद्धसेन की बेटी की तबीयत खराब थी, जिसके इलाज के साथ झाड़-फूंक कराने के लिए उसने सीधी निवासी बाबा राज बहोर को घर बुलाया था। इसी दौरान बुद्धसेन का भाई भीमसेन वहां पहुंचा और बाबा पर हमला कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को संदेह था कि उसका भाई और बाबा जादू-टोना करते हैं, जिसके कारण उसके परिवार में अनहोनी घटनाएं हुईं। इसी शक के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। हाल ही में शहडोल जिले के जयसिंहनगर क्षेत्र में भी जादू-टोने के संदेह में हत्या का मामला सामने आया था, जिससे क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़ी घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।
