बिलासपुर सेंट्रल जेल में हुई हत्या की घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार सुबह ई-1 बैरक में बंदी राजेश राय ने किसी बात को लेकर विचाराधीन बंदी नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल नीलू को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक नीलू जगत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद था, जबकि आरोपी राजेश राय पहले से ट्रिपल मर्डर और हत्या के प्रयास के मामलों में सजा काट रहा है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
