बलूचिस्तान। 14 अगस्त को क्वेटा समेत बलूचिस्तान के बड़े कमर्शियल इलाकों और बाजारों में ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। दरअसल द बलूचिस्तान पोस्ट ने कई जिलों और कस्बों से भी ऐसी ही रिपोर्ट दीं, जहां कमर्शियल गतिविधियां और लोगों की आवाजाही बंद रही। बताया जा रहा है कि कई इलाकों में लोग घरों के अंदर ही रहे, जबकि पाकिस्तानी फोर्स के कैंपों, सरकारी दफ्तरों और दूसरी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। द बलूचिस्तान पोस्ट ने बताया कि कई जगहों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए और अहम जगहों के आस-पास की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।
उसने कहा कि सरकारी संस्थानों और पाकिस्तानी फोर्स ने क्वेटा में चुनिंदा जगहों पर बहुत सीमित समारोह आयोजित किए. इलाके के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाएं भी सामने आईं। द बलूचिस्तान पोस्ट ने लोकल सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि क्वेटा की जरघून कॉलोनी में 14 अगस्त के एक समारोह पर कई रॉकेट और ग्रेनेड दागे गए, जिससे लगभग आठ धमाके हुए।
