जगदलपुर के धुरगुड़ा स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्रों ने पढ़ाई और हॉस्टल की समस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने अपनी शिकायतें रखीं। छात्रों का आरोप है कि कक्षाओं के समय परिसर में निर्माण कार्य होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, JEE-NEET की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों को हटाए जाने और उनकी जगह योग्य शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने हॉस्टल में पानी, बाथरूम, साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पसंदीदा शिक्षकों और वार्डन को वापस लाने की मांग की है। मामले में एसडीएम मनीष वर्मा ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए हॉस्टल और अन्य व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाएगा और शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
