बिलासपुर । बिलासपुर मंडल वाणिज्य विभाग द्वारा बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण एवं यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में ट्रेनों तथा स्टेशनों पर टिकट जांच को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना के तहत चलाई जा रही है ।
इस अभियान के तहत सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में बिलासपुर स्टेशन तथा गाडिय़ों में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक एवं टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इस अभियान के अंतर्गत 23 अप्रैल को बिलासपुर स्टेशन पर किलाबंदी टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 301 मामलों से 1,63,550 रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा के 235 मामलों से 1,41,670 रुपये, अनियमित टिकट के 49 मामलों से 20,180 रुपये, बिना बुक किए गए लगेज के 16 मामलों से 1,600 रुपये तथा गंदगी फैलाने के 01 मामले से 100 रूपये का जुर्माना शामिल है।
