सरगुजा। अस्पताल में ड्यूटी के दौरान महिला गार्ड जनरेटर में डीजल डालने के दौरान हादसे की शिकार हो गई। इसमें उसकी मौत हो गई। महिल की मौत के बाद परिजनों ने इंसाफ की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शहर के मणिपुर थाने स्थित संकल्प हॉस्पिटल में बीते दो वर्षों से कार्यरत महिला गार्ड की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला जनरेटर में डीजल भर रही थी, इसी दौरान उसकी चुन्नी मशीन में फंस गई, इससे उसकी मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। इसी के विरोध में परिजन संकल्प हॉस्पिटल के सामने सड़क पर महिला का शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।परिजन 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के चलते तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले में बातचीत जारी है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।
