बालोद। बारातियों से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई। इससे अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 07 ई 1171 कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद के बड़गांव जा रही थी। इसी दौरान पुरुर थाना क्षेत्र में जगतरा मंदिर के पास बस में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
