रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज में की गई वृद्धि का कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करती है। आवासीय संपत्तियों पर प्रतिमाह 10 रुपये तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम नागरिकों, मध्यम वर्गीय परिवारों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का कार्य करेगी।
महापौर प्रत्याशी रही दीप्ति का मानना है कि पहले से ही महंगाई, बिजली-पानी, डीज़ल, तेल के बढ़ते बिल और अन्य आवश्यक सेवाओं की लागत से परेशान जनता पर इस प्रकार का अतिरिक्त शुल्क थोपना अनुचित है। नगर निगम को पहले अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना चाहिए तथा सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अन्य नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना चाहिए, उसके बाद ही किसी प्रकार की शुल्क वृद्धि पर विचार करना चाहिए।
नगर निगम द्वारा यह तर्क दिया जा रहा है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और बढ़ते खर्चों के कारण यूजर चार्ज बढ़ाया गया है, लेकिन जनता को यह जानने का अधिकार है कि पिछले वर्षों में निगम ने संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और खर्चों में कटौती के लिए क्या कदम उठाए हैं। केवल जनता की जेब पर बोझ डालना किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।
श्रीमती दुबे ने मांग कि नगर निगम इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और बढ़ाए गए यूजर चार्ज को तत्काल वापस ले। यदि निगम प्रशासन जनता की भावनाओं की अनदेखी करता है, तो कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ आवाज़ उठाएगी।
