मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीतरोद गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सीतामऊ थाना पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कार महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रही थी। मृतकों में रविन्द्र काले और सचिन गंगाधर गजभारे की पहचान हुई है, जबकि अन्य मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है, वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
