रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद, रायपुर द्वारा दिव्यांग बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा एवं पुनर्वास को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 4 जुलाई 2026, शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वीमतारा भवन न्यू शांति नगर, रायपुर में आयोजित होगा।
छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के महासचिव चंद्रेश शाह ने बताया कि कार्यशाला में दिव्यांग बच्चों के अधिकारों, उनके विकास, शिक्षा और पुनर्वास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए निर्धारित मानकों, अवसरों एवं समावेशी शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष एवं रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल होंगे। उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक एवं दिव्यांग बच्चों के हित में कार्य करने वाले संगठन भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यशाला में इग्नू के डॉ. आलोक उपाध्याय, बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के योगेंद्र पाण्डे, रिटायर्ड आईपीएस सज्जाद नकवी, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, अधिवक्ता सुगंधा जैन, डाइटिशियन डॉ. सारिका श्रीवास्तव मौजूद रहेंगी।
महासचिव शाह ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के अधिकारों और उनके विकास से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद स्थापित करना है, ताकि उनके लिए बेहतर अवसर और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
