राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विधायक कॉलोनी बनाने के लिए वर्षों से बसे गरीब परिवारों के घर तोड़े गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव में बनने वाली विधायक कॉलोनी लेने से इनकार कर चुके हैं और भाजपा विधायकों से भी ऐसी ही पहल करने की अपील की है। बैज ने दावा किया कि कार्रवाई में पीएम आवास और इंदिरा आवास सहित कई मकान तोड़े गए, जबकि प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुनर्वास के नाम पर एक कमरे के मकान दिए गए हैं, जहां बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। बैज ने कहा कि किसी गरीब का घर उजाड़कर विधायक या अधिकारियों के लिए कॉलोनी बनाना स्वीकार्य नहीं है और सरकार को नई विधायक कॉलोनी के लिए अन्य स्थान का चयन करना चाहिए।
