रायपुर। शहर में कारोबारी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। दरअसल अधिराज ट्रेडलिंक के नाम से कारोबार संचालित करने वाले शुभम सिंघल पर उनकी ही बहन ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद मामले ने पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ कारोबारी लेन-देन पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागपुर के लॉ कॉलेज स्क्वायर निवासी शिवांगी गर्ग ने तेलीबांधा थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके भाई शुभम सिंघल और भाभी जया सिंघल ने वर्ष 2020 में कारोबार के विस्तार और निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उनसे और उनके पति से अलग-अलग समय पर नकद और बैंकिंग माध्यमों से करीब 1.25 करोड़ रुपये का निवेश कराया।
शिकायत के अनुसार, निवेश के बाद न तो तय मुनाफा दिया गया और न ही राशि वापस की गई। शिवांगी का आरोप है कि बाद में फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें और उनके पति को साझेदारी फर्म से भी बाहर कर दिया गया। जब उन्होंने अपने निवेश और हिस्सेदारी के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और उपलब्ध दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
