मोहला-मानपुर जिले में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मानपुर ब्लॉक के औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में खेत में काम कर रहे किसान के बैल पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। बाघ के हमले में बैल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल बैल का इलाज कराया, लेकिन बाघ के पंजों से लगे गहरे घावों के कारण उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किसान खेत की जोताई कर रहा था, तभी खेत से कुछ दूरी पर खड़े बैल पर बाघ ने अचानक हमला बोल दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अब खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
वन विभाग की जांच में मौके से बाघ के पगमार्क भी मिले हैं, जिससे इलाके में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। गश्त के दौरान वन कर्मियों का भी बाघ से बेहद नजदीकी सामना हुआ। हालांकि सतर्कता दिखाते हुए उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
फिलहाल वन विभाग ने मृत मवेशी को जंगल के किनारे रखकर उसके आसपास ट्रैप कैमरे लगाए हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही ग्रामीणों से अकेले जंगल या खेत की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
