खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के कोयले की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने खुर्सीपार गेट के पास एक गोदाम में दबिश दी, जहां से करीब 3 लाख रुपये मूल्य का 15.530 टन कोयला बरामद किया गया। जांच के दौरान आरोपी विजय केसरवानी ने कोयले की खरीदी-बिक्री से संबंधित जीएसटी बिल प्रस्तुत किया, लेकिन जांच में वह फर्जी पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे और बीएसपी से चोरी किए गए कोयले की खरीद कर उसे बेचता था। उसने यह भी बताया कि फर्जी जीएसटी दस्तावेज राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा के माध्यम से तैयार कराए गए थे। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
