रायपुर। महाराष्ट्र मंडल की ओर से संचालित हाईटेक आंगनबाड़ी में दिन की शुरुआत प्रार्थना और योग के साथ हो रही है। बच्चे आंगनबाड़ी के यूनिफार्म में पूरे जोश के साथ आंगनबाड़ी पहुंच रहे हैं। उन्हें सुबह नौ बजे प्रार्थना कराई जा रही है।
हाईटेक आंगनबाड़ी की प्रभारी डॉ. शुचिता देशमुख ने बताया कि हाईटेक आंगनबाड़ी (प्ले स्कूल) में अब तक 30 बच्चों का एडमिशन हो चुका है। कई और अभिभावक भी अपने बच्चों के प्रवेश को लेकर हाईटेक आंगनबाड़ी में प्रवेश की नियम- शर्तों की जानकारी ले रहे हैं। नगर पालिक निगम की ओर से निर्मित इस हाईटेक आंगनबाड़ी में बीते दिनों नगरीय प्रशासन सचिव शंगीता आर. ने बच्चों को यूनिफार्म वितरित किया था। इसके बाद अब बच्चे ड्रेस कोड को फॉलो करते हुए आंगनबाड़ी आ रहे हैं। रिमझिम बारिश के बावजूद बच्चों की उपस्थिति उत्साहजनक देखी जा रही है।
हाईटेक आंगनबाड़ी की शिक्षिका मेघा पोतदार के अनुसार बच्चों को त्वमेव माता पिता त्वमेव, गुरु ब्रम्हा, गुरु विष्णु… का अभ्यास कराया जा रहा है। वहीं दिन की शुरुआत योग में ऊँ के उच्चारण के साथ की जा रही है, ताकि बच्चे शांति और धैर्य से बैठना सीख सके। लंच के बाद बच्चों को अक्षर ज्ञान भी कराया जा रहा है।
