रायपुर। राज्य में एक बार फिर ईडी की बड़ी कार्रवाई की है। ईडी की कार्रवाई से राज्य में हंगामा हो गया है। राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में आज ईडी ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास से जुड़े कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीमों ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी है। राज्य के नौ ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर भी ईडी की दबिश: राजधानी के वल्लभ नगर स्थित कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर ईडी की टीम ने सुबह से जांच शुरू की। पांच अधिकारियों की टीम कई घंटों तक घर के भीतर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी है। बताया गया है कि यह कार्रवाई DMF घोटाले से जुड़े पहलुओं की जांच के तहत की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि शाश्वत लुणावत राज्य में विभिन्न कारोबार संचालित करते हैं। ईडी उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। ईडी ने इस सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी नहीं दी है। जांच पूरी होने के बाद कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
