बेमेतरा। दाढ़ी थाने के ग्राम घोरेघाट में बीती रात हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी मच गई। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी अपनी भाभी और भतीजी को चाकू से हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हेमलाल आदिल का अपने परिवार के सदस्यों के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उसने अपनी भाभी और भतीजी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी हेमलाल आदिल को हिरासत में ले लिया। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में हत्या के एक मामले में 10 वर्ष की सजा काट चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
