Janjgir-Champa district के हाथिटिकरा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रोज की तरह बच्चों के आने से पहले कार्यकर्ता और सहायिका केंद्र की तैयारी में जुटी थीं, तभी अचानक कमरे की छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनकर कार्यकर्ता और सहायिका घबरा गईं और मौके पर पहुंचीं। गनीमत रही कि घटना के समय आंगनबाड़ी केंद्र में कोई बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच में सामने आया है कि आंगनबाड़ी भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं इस घटना ने जिम्मेदार अधिकारियों के निरीक्षण और भवन की स्थिति पर भी चिंता बढ़ा दी है।
