इंदौर में कुछ घंटों की तेज बारिश ने नगर निगम के बारिश पूर्व तैयारियों के दावों की पोल खोल दी। शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे सड़कें नदी जैसी नजर आने लगीं और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। सबसे ज्यादा गंभीर स्थिति चंदन नगर इलाके में देखने को मिली, जहां तेज बहाव के कारण एक थार गाड़ी नाले के पास फंस गई। स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज पानी के बहाव में नाला दिखाई नहीं देने से वाहन उसमें फंस गया, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बारिश थमने के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शहर के अन्य हिस्सों से भी जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति सामने आई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर किए गए दावे जमीन पर कितने प्रभावी साबित हुए हैं।
