जबलपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। हनुमानताल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर साहिल सोनकर और सावन सोनकर को पकड़ा, जो फोन पर ऑर्डर लेकर गांजा और नशीले इंजेक्शनों की होम डिलीवरी और सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 430 ग्राम गांजा, 125 नशीले इंजेक्शन, एक चाइना चाकू और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार फैला रहे थे और राजराजेश्वरी मंदिर के पास सौदा करने पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
