मध्यप्रदेश के जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर में अकेली रह रही महिला की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए महिला के शव को घसीटकर पास स्थित कुएं में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने चोरी या लूट की नीयत से हत्या की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिला पर पानी भरने वाली गगरी से सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब घर में काम करने वाली नौकरानी पहुंची और दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उसने पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
