मध्यप्रदेश में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे दो जिलों में डॉग बाइट की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। सतना जिले में एक पागल कुत्ते ने करीब 4 घंटे में 40 से अधिक लोगों को काटकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यह घटना रीवा रोड स्थित गहरानाला से शुरू हुई, जहां कुत्ते ने राह चलते लोगों पर अचानक हमला करना शुरू किया और गहरानाला से खेरमाई रोड, जिला अस्पताल क्षेत्र, खोया मंडी और अस्पताल चौराहे तक कई लोगों को अपना शिकार बनाया। हमले के बाद 30 से अधिक घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार कर रैबीज वैक्सीन और गंभीर घावों के चलते इम्युनोग्लोब्युलिन इंजेक्शन भी लगाए गए। वहीं छिंदवाड़ा जिले से भी एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कुत्ते के काटने के बाद एक महिला का व्यवहार असामान्य हो गया और वह कुत्ते जैसी हरकतें करते हुए लोगों की ओर दौड़ने लगी, जिसे गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों घटनाओं ने स्वास्थ्य व्यवस्था और आवारा कुत्तों की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
